घर घर चूल्हा चौका करती करती सूट सिलाई माँ
बच्चों खातिर जोड़ रही है देखो पाई पाई मां
बाबूजी की आमद भी कम ऊपर से ये महंगाई
टूटे चश्मे से बामुश्किल करती है तुरपाई मां
टीका कुंडल हसली कंगन तगड़ी नाथ बिछुए चुटकी
बेटी की शादी की खातिर सब गिरवी रख आई मां
सहते सहते सारे घर की बढती जिम्मेवारी को
घटते घटते आज बची है केवल एक तिहाई मां
सारे रिश्ते झूठे निकले मतलब के थे यार सभी
केवल तूने ही आजीवन निश्छल प्रीत निभाई मां
पिज्जा बर्गर कब होते थे होते थे मीठे पूड़े
देती थी रोटी पर रख कर शक्कर और मलाई मां
घेरा जब जब अवसादों ने अंधियारों में जीवन को
उम्मीदों के दीप जला कर भोर सुहानी ली मां
दर्ज़न भर लोगों का कुनबा फिर भी था सांझा चूल्हा
मिलजुल कर रहती थी घर में दादी चाची ताई मां
नाम सभी हैं गुड से मीठे चाहे मैं कुछ भी बोलूं
बी जी जननी माता मम्मी मैया अम्मा माई मां
बच्चा ही मकसद होता है मां के जीवन का अज्ञात
हिम्मत दे उस के ख्वाबों को देती है ऊंचाई मां