Tuesday, September 8, 2026
ग़ज़ल
ग़ज़ल
ग़ज़ल
दोहे
Sunday, September 6, 2026
ग़ज़ल गुलदस्ता
Favourite
1
वक्त के दो-चार लम्हों के सिवा कुछ भी नहीं मैं बदन में चंद पुरज़ों के सिवा कुछ भी नहीं
दर-हक़ीक़त एक मुश्ते ख़ाक है हस्ती मेरी
जिस्म मेरा पंच तत्वों के सिवा कुछ भी नहीं
हर तअल्लुक की ज़बीं पर पड़ गई है इक शिकन
आज रिश्तों में छलावों के सिवा कुछ भी नहीं
मसअला दर मसअला दर मसअला दर मस अला
ज़िन्दगी मुश्किल सवालों के सिवा कुछ भी नहीं
मैं विरासत में भला दुनिया को क्या दे पाऊंगा
पास मेरे, चंद ग़ज़लों के सिवा कुछ भी नहीं
वायरल होने की ये 'अज्ञात'कैसी होड़ है
शायरी में चंद जुमलों के सिवा कुछ भी नहीं
2
चुभेंगे ख़ार तो रस्तों पे, चलना छोड़ दोगे क्या
कहो मंज़िल को पाने का, इरादा छोड़ दोगे क्या
हमें भी जानिबे मंज़िल, इसी रस्ते से जाना है
हमारे वास्ते थोड़ा-सा, रस्ता छोड़ दोगे क्या
हज़ारों हादसे होते हैं, रोज़ाना ही सड़कों पर
इसी डर से, भला घर से निकलना छोड़ दोगे क्या
हमें ख़ुद से अकेले में ज़रूरी बात करनी है
ख़ुदा के वास्ते कुछ देर तन्हा छोड़ दोगे क्या
ये अच्छा शौक़ है माना, मगर 'अज्ञात' ये सोचो
सुख़न के वास्ते सब काम-धंधा छोड़ दोगे क्या
मियाँ हद से अधिक दीवानगी अच्छी नहीं होती
किसी के वास्ते सारा ज़माना छोड़ दोगे क्या
3
तीरगी में रोशनी का सिलसिला हो जाऊंगा इल्म की भट्टी में तप कर में ख़रा हो जाऊंगा
कांच का टुकड़ा हूं जब तक चुभ रहा हूं सबको मैं
सब मुझे देखेंगे जब मैं आईना हो जाऊंगा
खुद शनासी, खुद सताइश का नहीं तालिब हूं मैं
अपने कहने से भला क्या मैं बड़ा हो जाऊंगा
हो चला है अब पुराना रूह का ये पैरहन
जल्द ही इसको बदल कर मैं नया हो जाऊंगा
4
चश्मा नहीं, ज़रा-सा नज़रिया बदल के देख
कुछ देर अपने जिस्म से, बाहर निकल के देख
ख़तरों से खेलने का, अगर शौक़ है तुझे
आँखों पे पट्टी बाँध के, रस्सी पे चल के देख
दुनिया तुझे बिठाएगी, पलकों पे एक दिन
जो भी बुरी है तुझ में वो, आदत बदल के देख
मिट कर भी छोड़ जाएगी, ये अपने रंगो-बू
पत्ती हिना की अपनी, हथेली पे मल के देख
सब के नसीब में नहीं होती बुलंदियाँ
ऐ झोपड़ी तू ख़्वाब न , ऊँचे महल के देख
रहबर के भेष में यहाँ मिलते हैं राहज़न
भटके हैं मंज़िलों से युवा,आजकल के देख
मंचों की शाइरी से जो, उकता गया है जी
बज़्मे-सुख़न में आ के तू, जल्वे ग़ज़ल के देख
हर इक क़दम पे आयेंगी, दुश्वारियाँ बहुत
'अज्ञात' राहे-इश्क़ पे, चलना सँभल के देख
5
सिर्फ़ मैं,मेरा,मुझे को छोड़ कर आगे बढ़ो
स्वार्थ के तुम रास्ते को छोड़ कर आगे बढ़ो
चाहते हो ज़िंदगी को ख़ुशनुमा करना अगर
ख़्वाहिशों के क़ाफ़िले को छोड़ कर आगे बढ़ो
ज़िंदगी के बाद भी जीने की हो जो आरज़ू
ज़िंदगी के मरहले को छोड़ कर आगे बढ़ो
मंज़िलें आवाज़ दे दे कर बुलाती हैं तुम्हें
तुम थकन के सिलसिले को छोड़ कर आगे बढ़ो
क़ामयाबी की डगर तो ख़ुद ब ख़ुद मिल जाएगी
गुमरही के ज़ाविये को छोड़ कर आगे बढ़ो
6
वक़्त के साँचे में ढलना सीख लो
गुफ़्तगू का शीरीं लहजा सीख लो
वक़्त का ये है तक़ाज़ा दोस्तो
आदमी का चेहरा पढ़ना सीख लो
छोड़ कर तुम आहनी अपनी रविश
मोम की सूरत पिघलना सीख लो
क़ायदा पढ़ना नहीं काफी मियां
क़ायदे से बात करना सीख लो
पास बैठो तुम बुज़ुर्गों के कभी
इन से जीने का सलीक़ा सीख लो
ज़िंदगी की है बहुत मुश्किल डगर
दोस्तो काँटों पे चलना सीख लो
ढालते हैं ग़म को कैसे शेर में
कैसे होता है करिश्मा सीख लो
काँटों में खिलते गुलों से ऐ ‘अजय’
तुम बिखर कर भी महकना सीख लो
7
खाली कभी भरा हुआ आधा दिखाई दे
चाहे जो जैसा देखना वैसा दिखई दे
मुट्ठी में सब समेटने की आरज़ू लिए
पैसे के पीछे दौड़ती दुनिया दिखाई दे
औलाद चाहे जैसी हो माँ-बाप को मगर
अच्छा सभी से अपना ही बेटा दिखाई दे
इक्कीसवीं सदी में भी बेटी के होने पर
चेहरों पे वालिदैन के चिंता दिखाई दे
अच्छा-बुरा जो हो रहा है, होने दीजिये
हर काम ही में "राम" की इच्छा दिखाई दे
8
अभी उम्मीद ज़िंदा है अभी इमकान बाक़ी है
बुलंदी पर पहुँचने का अभी अरमान बाक़ी है
हुआ है दूर कोसों आदमी संवेदनाओं से
बदलते दौर में बस नाम का इंसान बाक़ी है
अभी कुछ लोग हैं ऐसे उसूलों पर जो चलते हैं
अभी कुछ लोग हैं सच्चे अभी ईमान बाक़ी है
कहाँ ले जा रहे हो तुम उठा कर चार कांधों पर
अभी तो दिल धड़कता है अभी कुछ जान बाक़ी है
सुनाता हूँ ज़रा ठहरो हक़ीक़त ज़िंदगानी की
कहानी तो मुक़म्मल है मगर उन्वान बाक़ी है
8
ज़िन्दगी के दर्द को शब्दों का पैकर दे दिया
हादसों ने इस क़लम को तीखा तेवर दे दिया
मुफ़लिसी को किस लिए ये अस्थि-पिंजर दे दिया
दर ब दर की ठोकरें खाता मुक़द्दर दे दिया
देखिये महमाँ-नवाज़ी किस क़दर करते हैं हम
आँसुओं को हमने अपना नर्म बिस्तर दे दिया
कौन दहशतगर्द है ये जिसने इक मासूम से
छीन कर उस का क़लम, हाथों में खंजर दे दिया
9
ज़िन्दगी में यूँ ही कुछ रोज़ तमाशे कर के
चल दिये जिस्म को मिट्टी के हवाले कर के
ज़िंदगी दाँव तेरा चल न सकेगा कोई
मौत आएगी किसी रोज़ बहाने कर के
लौट जाता है यूँ ही रोज़ सियासी सूरज
चंद लोगों के दियारों में उजाले कर के
कामयाबी का ज़रा स्वाद जो चक्खा उसने
बढ़ गया आगे वो रिश्तों को किनारे कर के
हम भी बुझ जाएंगे इक रोज़ चराग़ों की तरह
अपनी ग़ज़लों से ज़माने में उजाले कर के
किस ने ये फूल बिछाए हैं मेरे रस्ते में
रख दिये देखो मेरे पाँव में छाले कर के
मेरा माज़ी है कि 'अज्ञात' मेरा मुस्तक़बिल
कौन मुझ को ये बुलाता है इशारे कर के
दोहे / कुरीतियों पर
दोहे
*
अस्पताल में जाइये, जब होवो बीमार
झाड फूंक से कब भला, होता है उपचार
*
लम्बे तगड़े लोग भी देखे हैँ असहाय
बिल्ली रस्ता काट दे मन में डर उपजाय
*
कुरीतियों को छोड़ कर, अपनाओ वह रीत
जिस से सब का हो भला, बढ़े आपसी प्रीत
*
हर मानव, हर धर्म को, एक बराबर जान
कर्मों के आधार पर, छुआछूत मत मान
*
बिना तर्क हर बात को, मत करिये स्वीकार
अंध-विश्वास का नहीं वैज्ञानिक आधार
*
इनको केवल सूझता, बस करना उत्पात
करते रहते जो सदा, अपशकुनों की बात
*
नव युग का इन को नहीं, होता कुछ आभास
आडम्बर पाखंड में, करते जो विश्वास